मोरना। पौराणिक शुकतीर्थ में कोरोना लॉकडाउन के चलते वीरानगी छाई हुई है। भगवत पीठ श्री शुकदेव आश्रम में सहित तीर्थ के अन्य मंदिरों, शिवालयों और धामों में अप्रैल माह की प्रस्तावित कथाएं भक्तों द्वारा टाल दी गई है। हालांकि फिलहाल तीर्थनगरी में कोरोना वायरस पर नियंत्रण के लिए सोशल डिस्टेंसिंग के धर्म का पालन किया जा रहा है। पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज ने बताया कि कोरोना महामारी के दृष्टिगत भारत की सुरक्षा को आपदा धर्म का पालन करना होगा। प्रत्येक प्राणी का जीवन सुरक्षित रहे, उनकी प्रभु से यहीं प्रार्थना है। हनुमत धाम में अप्रैल में पहले से तय हनुमान जन्मोत्सव के कार्यक्रम रद्द हो चुके हैं। महामंडलेश्वर स्वामी केशवानंद महाराज ने सादगी से बजरंग बली जन्मोत्सव मनाया। सोशल डिस्टेंसिंग को अपनाकर उनका समय भी भजन-कीर्तन में बीत रहा है। दंडी आश्रम में धार्मिक गतिविधियां रुक गई है।