जानसठ के मलिकपुरा गांव में ममेरे भाइयों सचिन और गौरव की चौथी पुण्यतिथि मनाई गई। केंद्रीय राज्यमंत्री के अलावा विधायकों समेत भाजपा नेतागण श्रद्धांजलि देने पहुंचे। हवन-यज्ञ में आहुति देने के बाद सभी ने सचिन और गौरव के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। एहतियातन पुलिस प्रशासन ने कवाल में भारी संख्या में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी है।
कवाल में 27 अगस्त 2013 को गांव मलिकपुरा के ममेरे भाइयों सचिन और गौरव की हत्या कर दी गई थी। सोमवार को गांव मलिकपुरा में दोनों ममेरे भाइयों की चौथी पुण्यतिथि मनाई गई। सुबह हवन-यज्ञ आयोजित किया गया। केंद्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान भी पीड़ित परिजनों के साथ हवन-यज्ञ में शामिल हुए और आहुति दी।
इसके बाद केंद्रीय राज्यमंत्री एवं भाजपा नेताओं ने सचिन और गौरव के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि वह अपने दोनों भाइयों को कभी नहीं भूलेंगे। वह हर वर्ष उनकी पुण्यतिथि पर आते रहेंगे। श्रद्धांजलि देने वालों में विधायक विक्रम सैनी, विधायक उमेश मलिक, वीरेंद्र सिंह, ब्रजेश रस्तोगी, सुरेंद्र बंसल, डॉ वीरपाल निर्वाल, योगेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, सतपाल सिंह पाल, सतीश खटीक, सुभाष चौधरी आदि नेता मौजूद रहे।
पोता देखने को दादा-दादी की आंखें तरसी
मृतक सचिन की पत्नी स्वाति चौथी पुण्यतिथि में खुद भी नहीं आई और न ही अपने बेटे गगन को भेजा। उसके मायके से भी पुण्यतिथि में कोई नहीं पहुंचा। मृतक सचिन की मां मुनेश को उम्मीद थी कि चौथी पुण्यतिथि में पोता जरूर आएगा। मुनेश ने बताया कि दो साल से अधिक समय पोते को देखे हो गया है। बिशन और मुनेश का कहना था कि पोते की बहुत याद आती है। उसको देखने के लिए आंखें तरस गई हैं।
सुरक्षा का कड़ा इंतजाम रहा
पुलिस प्रशासन द्वारा सचिन और गौरव की चौथी पुण्यतिथि को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। गांव कवाल समेत आसपास के संपर्क मार्गों पर पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। एसडीएम ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, एसडीएम श्याम अवध चौहान, सीओ एसकेएस प्रताप, सीओ भोपा रिजवान अहमद समेत छह मजिस्ट्रेट, आठ इंस्पेक्टर, एक प्लाटून पीएसी समेत भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।