बैंक के बाहर प्रदर्शन करते ग्राहक।
- फोटो : अमर उजाला
भोपा पुलिस के खिलाफ सीकरी के ग्रामीणों ने एसएसपी आफिस पर प्रदर्शन किया। पीड़ित युवक ने भोपा थाने के तीन सिपाहियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी सिपाही नोटों की काला बाजारी कर रहे है। कप्तान ने सीओ से मामले की जांच कराने की बात कही हैं।
भोपा थाने पर तैनात तीन सिपाहियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए सीकरी के दर्जनों ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को पुलिस आफिस पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के साथ आए बीमार अजीम ने बताया कि वह कई दिनों से चिकनगुनिया बुखार से पीड़ित था। रुपयों की जरूरत के चलते बीमार होने के बावजूद वह पड़ोस के गांव रहमतपुर की यूको बैंक की शाखा में रुपये निकालने गया था। वह शांति से कतार में खड़ा था।
आरोप है कि इसी बीच भोपा थाने की तीन सिपाही लाइन के पास आए और पीड़ित को बाहर निकालकर पिटाई करनी शुुरु कर दी। कुछ लोगों ने इस बात का विरोध किया तो सिपाहियों ने उनसे भी दुर्व्यवहार किया। उबेद नाम के युवक ने भी सिपाहियों पर इसी तरह से मारपीट करने का आरोप लगाया। बताया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान सीकरी गांव के आधा दर्जन लोगों से इसी तरह से बैंक के बाहर मारपीट की जा चुकी हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ सिपाही बैंकों के बाहर 20 हजार के पुराने नोट लेकर 18 हजार रुपये देने का धंधा कर रहे हैं। पीड़ितों ने एसएसपी को पिटाई करने वाले सिपाहियों के नाम बता दिए है। कप्तान बबलू कुमार ने मामले की जांच सीओ से कराने के निर्देश दिए है। एसएसपी ने कहा कि ग्रामीणों की बात सुन ली है, जांच के बाद जो दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।