मुजफ्फरनगर। नार्मल प्रसव के दौरान शिशु की मौत से गुस्साए परिजनों ने निजी अस्पताल के डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। इस दौरान डाक्टर अस्पताल को बंद कर चले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामला संभाला।
नई मंडी कोतवाली के गांव पचैंडा निवासी शाहबाज ने अपनी पत्नी आसमा को मंगलवार की शाम कच्ची सड़क पर एक निजी अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराया था। रात में डाक्टरों ने नार्मल प्रसव किया, तब नवजात की मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को साथ ले गए और उसे दफना दिया। बुधवार शाम परिजन वापस आए और डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाने लगे। उन्होंने हंगामा किया तो डाक्टर अस्पताल को बंद कर चले गए। सूचना पाकर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझाया और तहरीर देने के लिए कहा। पुलिस ने बताया कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी हैं।