रोइंग खिलाड़ी पुनीत कुमार अपने साथ गुरमीत सिंह के साथ पुरस्कार लेते हुए ।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
शाहपुर। क्षेत्र के गांव काकड़ा निवासी रोइंग खिलाड़ी पुनीत कुमार ने 39वीं सीनियर रोइंग चैंपियनशिप के तीन इवेंट में स्वर्ण पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उसकी सफलता पर गांव में खुशी का माहौल है।
क्षेत्र के गांव काकड़ा निवासी साधारण किसान जितेंद्र कुमार के पुत्र पुनीत कुमार ने महाराष्ट्र के पुणे में तीन जनवरी से नौ जनवरी तक आयोजित 39 वीं सीनियर नेशनल रोइंग (नौकायन) चैंपियनशिप में अपने साथी खिलाड़ी गुरमीत सिंह के साथ सर्विसेज की तरफ से खेलते हुए दो किमी की प्रतियोगिता में क्वार्टर फाइनल व सेमी फाइनल में जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह बनाई । इसके अलावा आर्मी , महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश के खिलाड़ी भी फाइनल में पहुंचे । फाइनल में पुनीत व गुरमीत की जोड़ी ने 7:24 मिनट में उक्त दूरी को तय करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया । इसके अलावा 500 मीटर स्प्रिंट प्रतियोगिता में भी सर्विसेज की तरफ से खेलते हुए अपने साथी गुरमीत के साथ यह दूरी 1:32 मिनट में तय कर स्वर्ण पदक हासिल किया । वहीं, मेंस ऐट में सर्विसेज की टीम की तरफ से खेलते हुए दो किमी की प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक हासिल किया। पुनीत ने प्रतियोगिता के तीन इवेंट में तीन स्वर्ण पदक हासिल कर गांव व जिले का नाम रोशन किया है । लक्ष्मण पुरस्कार विजेता यह खिलाड़ी एशियन रोइंग चैंपियनशिप 2021 में रजत पदक हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर अनेकों प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक हासिल कर चुका है । उक्त रोइंग खिलाड़ी की इस उपलब्धि से ग्राम में खुशी की लहर है ।