मोरना में बदमाशों के हमले में घायल महाराज।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मोरना (मुजफ्फरनगर)। बिहारगढ़-मोरना मार्ग स्थित कुटिया में धावा बोलकर बदमाशों ने रविवार देर रात लूटपाट की और साधु व उनके शिष्य को बंधक बनाकर मारपीट की। विरोध करने पर तमंचे की बट मारकर साधु को लहूूलुहान कर दिया गया। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
भोपा थाना क्षेत्र के बिहारगढ़-मोरना मार्ग पर स्वामी राघवगिरी महाराज अपने शिष्य रतन भगत के साथ टाट-फूस की कुटिया बनाकर रहते हैं। साधु महाराज आश्रम में गोवंश की सेवा करते हैं। रविवार देर रात करीब दो बजे कई बदमाश कुटिया में घुस गए और साधु व उनके शिष्य को मारपीट करते हुए बंधक बना लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने स्वामी राघवगिरी महाराज के सिर में तमंचे की बट मारकर उन्हें लहूलुहान कर दिया। बदमाश कुटिया मेें रखे 15 हजार रुपये नकद, साधु व उनके शिष्य के आधार कार्ड, चांदी की तीन अगूंठी व अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।
सोमवार सुबह सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल साधु व उनके शिष्य का उपचार कराया। कुटिया में लूटपाट की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा-प्रदर्शन किया। सीओ सोमेंद्र सिंह नेगी व इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी ने मौके पर पहुंचकर जल्द घटना के खुलासे का आश्वासन दिया। हंगामा करने वालों में विक्रम, ऋषिपाल, चांदवीर, तारा सिंह, धर्मपाल, किरणपाल, जगपाल, सतपाल व अमित आदि शामिल रहे।
सीओ सोमेंद्र सिंह नेगी का कहना है कि संत की कुटिया में नशाखोरी व सट्टा नंबर लगाने वाले लोगों को आना-जाना लगा रहता है। रविवार रात भी इसी तरह के तीन युवकों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।