संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। पुलिस सक्रियता के दावों की फिर पोल खुल गई। शहर के गंगल वाली में देर शाम बाजार से रिक्शा में घर वापस लौट रही महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने पर्स छीना लिया और फरार हो गए। लोगों ने घटना पर रोष जताया है।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र की गंगल वाली गली में रहने वाले मेडिकल व्यवसायी सुजीत शर्मा की पत्नी दीप्ती शर्मा व बीएसएनएल में एसडीओ संजीव शर्मा की पत्नी दीपा शर्मा बाजार में खरीदारी करने गई थी। देर शाम वह रिक्शा में सवार होकर घर वापस आ रही थी। जैसे ही घर के पास पहुंची तभी पीछे से बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने दीपा शर्मा का पर्स छीन लिया और फरार हो गए। दोनों महिलाओं ने शोर मचाया लेकिन बदमाश फरार हो चुके थे। घटना के बाद दोनों महिलाओं के परिजन बाहर आए तो उन्हें घटना की जानकारी दी गई। यह जानकारी देने पर डायल 112 टीम ने पहुंच कर जानकारी ली। बाद में काफी देर बाद थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीडित पक्ष को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उधर, मोहल्लावासियों ने घटना पर रोष जताया है।
ट्रेन से टकरा कर मौत
मुजफ्फरनगर। देर शाम लगभग तीस वर्षीय युवक साईधाम के पास हरिद्वार से दिल्ली जा रही ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। जीआरपी ने शनाख्त न होने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।