- शनिवार को डीएम के हस्ताक्षर कराकर रखी थी फाइल
- फाइल में रखा था 1.27 लाख का चेक
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण कार्यालय से भुगतान से संबंधित एक फाइल गायब हो गई। फाइल के साथ सवा लाख से ज्यादा रकम का एक चेक भी गायब है। विभागीय अधिकारियों ने मामले में पुलिस कार्रवाई की तैयारी की हैं।
बताते है कि विभागीय में एक स्विफट डिजायर कार को किराए पर लगाया गया था। जो पिछले कई माह से विभागीय कार्यो के लिए चलाई जा रही थी। इस गाड़ी का तीन माह का बिल 1.27 लाख रुपये विभाग पर बकाया हो गया था। गाड़ी मालिक लगातार विभागीय अधिकारियों से बिल का भुगतान करने के लिए कहता रहा। अब बिल भुगतान करने का नंबर आया, तो विभागीय कार्यालय से अचानक फाइल ही गुम हो गई।
बताया गया कि विभागीय अधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी से गाड़ी के बिल का भुगतान कराने के लिए 1.27 लाख रुपये की रकम के चेक पर हस्ताक्षर कराकर शनिवार को फाइल कार्यालय में रखी थी। इस फाइल के साथ दो अन्य फाइल भी थी। इस फाइल में चेक भी रखा हुआ था। यह फाइल चेक सहित गायब हो गई है। बताते है कि विभागीय कर्मचारियों से फाइल के बारे में पूछा गया लेकिन सभी ने जानकारी होने से इनकार कर दिया। जो किसी के गले से नीचे नहीं उतर रहा है। एमडीए प्रशासनिक इंजीनियर भरत लाल का कहना है कि उन्हें फाइल के गायब होने के बारे में जानकारी मिली है। इस मामले में पुलिस कार्रवाई कराई जाएगी।