जानसठ में नहीं बन सका रोडवेज बस स्टैंड
मुजफ्फरनगर, जानसठ। जानसठ कस्बे में देश की आजादी के बाद से आज तक यहां रोडवेज बस स्टैंड नहीं बन सका है। नतीजतन अधिकांश लोगों को प्राइवेट बसों में सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इस तरह से लोग जनप्रतिनिधियों की उपेक्षाओं का भी शिकार हैं।
जानसठ कस्बा का नाम पहले जानसठ विधानसभा क्षेत्र से भी जाना जाता था। जानसठ विधानसभा सीट सुरक्षित रही। इसके बावजूद कस्बे में रोडवेज बस स्टैंड नहीं बन सका था। आठ वर्ष पूर्व नए परिसीमन के बाद जानसठ विधानसभा क्षेत्र का नाम बदलकर इसका नाम खतौली विधानसभा क्षेत्र किया गया था। अब यह सीट सामान्य है। खतौली विधानसभा क्षेत्र की सामान्य सीट होने पर भी कस्बे में रोडवेज बस स्टैंड की स्थापना नहीं हो सकी है। रोडवेज बस स्टैंड नहीं होने की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दूसरे जनपदों में जाने के लिए लोगों को प्राइवेट बसों से या तो मुजफ्फरनगर जाना पड़ता है या फिर खतौली रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचते हैं। प्राइवेट बसों में सफर करने के लिए लोगों को अधिक धन भी व्यय करना पड़ता है।
यात्री प्रतिक्षालय पर भी नहीं रुकती रोडवेज बस
-पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर डाक बंगले के बराबर में करीब बीस वर्ष से रोटरी क्लब की ओर से यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण कराया गया था। उस वक्त करीब छह माह तक इस प्रतीक्षालय पर रोडवेज बस आकर रुकती थी, लेकिन इसके बाद यहां पर अब कोई बस नहीं रुकती है। रोडवेज बसों के यहां पर नहीं रुकने की वजह से ही कोई यात्री बसों की प्रतीक्षा में भी नहीं खड़ा होता है। -क्या कहते हैं कस्बे व क्षेत्र के लोग
रोडवेज स्टैंड नहीं होने की वजह से दूसरे जनपदों में जाने के लिए परेशानियां उठानी पड़ रही है। कस्बा या क्षेत्र के लोगों को यदि दिल्ली, देहरादून, रुड़की, हरिद्वार, ऋषिकेश आदि जगहों पर जाना पड़ जाए तो प्राइवेट बसों से पहले मुजफ्फरनगर में रोडवेज बस अड्डे से बस पकड़नी पड़ती है। -जुगेंद्र सिंह त्यागी एडवाकेट।
-कस्बे में रोडवेज बस स्टैंड बनवाने को कई बार जनप्रतिनिधियों से भी मांग की जा चुकी है। आज तक जनप्रतिनिधियों ने भी रोडवेज बस स्टैंड बनवाने की पहल तक नहीं की है। रोडवेज बस अड्डा नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। -सुभाष।
रोडवेज बस स्टैंड बनवाने को जनता को संघर्ष करना होगा। इसके लिए कस्बा एवं क्षेत्र के लोगों को एकजुट होना पड़ेगा। सर्वसमाज के लोगों को मिलकर ही इसके लिए संघर्ष करना पड़ेगा।-तेजपाल कश्यप एडवाकेट।