मुजफ्फरनगर। किदवई नगर की मुख्य सड़क जर्जर होने के कारण हजारों लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है। नगर पालिका ने जर्जर सड़क का निर्माण कराने के लिए बजट प्रस्ताव तैयार किया है। आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित कराकर सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
नगर पालिका वार्ड 45 और 25 की सीमा से सटी किदवई नगर तबलशाह रोड काफी दिनों से जर्जर अवस्था में है। सड़क निर्माण की मांग काफी दिनों से की जा रही है। मुहर्रम से पहले डीएम के निर्देश पर पुलिस-प्रशासनिक और पालिका अधिकारियों ने किदवई नगर का निरीक्षण किया था। मुहर्रम के जुलूस के मार्गों के निरीक्षण के बाद पैचवर्क कराने का निर्णय लिया गया था। किदवई नगर में तबलशाह रोड की जर्जर हालत को देखते हुए उसके निर्माण की मांग की गई थी। पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के निर्देश पर ईओ डॉ.प्रज्ञा सिंह ने सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कराया है। बताया कि सीसी सड़क और नाली निर्माण के लिए 79 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित कराकर शीघ्र ही सड़क का निर्माण कराया जाएगा।