बारिश में सड़कों के गड्ढे बने मुसीबत
मुजफ्फरनगर। देहात में भी बुधवार को अच्छी बारिश होने से किसान काफी खुश हैं। फसलों के लिए बारिश लाभकारी रहेगी। वहीं, बरसात के कारण कस्बों में जलभराव होने और सड़कों पर कीचड़ और गड्ढों के कारण राहगीरों और नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।
मकान और स्कूल की दीवार गिरी
खतौली में जीटीरोड स्थित कन्हैया पैराडाइज के पीछे स्थित कुंद कुंद विहार मोहल्ले में रहने वाले रविंद्र की मकान की दीवार जमीन धसने से गिर गई। गनीमत यह रही जब यह हादसा हुआ उस समय वहां पर कोई उपस्थित नहीं था। इसके अलावा बुआडा रोड पर स्थित खतौली ग्रामीण का प्राथमिक विद्यालय की दीवार भी गिर गई। उधर, बुधवार को लगातार बारिश होने से पूरा नगर जलमग्न हो गया, जिससे पानी मकानों, दुकानों में भर गया। सड़कों में बने गड्ढे गहरे होने के कारण उनमें वाहन पलट रहे है। बुढ़ाना रोड पर भी पानी भरा होने के कारण सड़क पर बने गड्ढे में एक ट्राली पलट गई। नतीजतन ट्राली में भरी बोरियों पानी में गिरने से सामान खराब हो गया। मोहल्ला देवीदास में जलभराव होने के कारण बरसात का पानी घरों में घुस गया। जिससे घरेलू सामान भी खराब हो गया।
किसान धान की रोपाई में जुटे
छपार। पूरे दिन हो रही बारिश से लोगों का जीवन अस्तव्यस्त रहा। किसानों की फसल को फायदा हुआ है। गर्मी ने निजात मिली है। लोगों को घरों में रहने पर मजबूर होना पड़ा। वहीं, किसान की गन्ने की फसल को फायदा हुआ। किसान धान की फसल बोने की तैयारी में जुट गये है।
घरों में पानी घुसा
भौराकलां। मूसलाधार बारिश के कारण भौराकलां की गलियां जलमग्न हो गई। निकासी का प्रबंधन न होने के कारण पानी लोगों के घरों में घुस गया। फसलों के लिए लाभकारी बारिश ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया। गांव की बैंक शाखा का मुख्य मार्ग पूरी तरह लबालब भर गया। लोगों को बैंक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सिसौली में दुकानों में पानी भरा
सिसौली। बरसात के कारण सिसौली का मेन बाजार जलमग्न हो गया। दुकानों में पानी घुस जाने के कारण दुकानदारों का लाखों रुपये का नुकसान हो गया। तेज बारिश से सिसौली कस्बे का मेन बाजार पूरी तरह जलमग्न हो गया। पानी की निकासी मेन बाजार से होकर कस्बे के बीच बह रहे सिंचाई विभाग के नाले में निकलती है। भारी बारिश के कारण पूरे कस्बे का पानी मेन बाजार से होकर गुजरा। नतीजतन पूरा बाजार जलमग्न हो गया तथा दुकानों में पानी घुस गया। दुकानदार राकेश, सुनील , राजन ने पानी निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है।
शाहपुर के कई मोहल्ले जलमग्न हुए
शाहपुर। कस्बे व देहात में कई घंटे हुई झमाझम बारिश से जनता को काफी राहत मिलने के साथ किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। जलभराव से लोगों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा। मौहल्ला गोकुलपुर, मंगलापुरी मंडी, सैनियान, इस्लामाबाद व कस्सावान में कई जगह जलभराव हो गया। मुख्य बाजार में दुकानों में पानी भर गया, जिससे दुकानदारों का सामान भीग गया ।
जगह-जगह जलभराव से परेशानी
मीरापुर। बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। ईदगाह रोड पर घरों में लगभग दो फुट पानी लग गया। नतीजतन मोहल्लेवासियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे की सड़कों पर जलभराव हो गया। बारिश होने के साथ मौहल्ला कमलियान व जाटो वाला मौहल्ला पूर्ण रूप से तालाब में तब्दील हो गया। पड़ाव चौक, नई बस्ती, ईदगाह रोड आदि मोहल्लों में भी पानी भर गया।