दो हादसे मंसूरपुर और एक-एक हादसा जानसठ और तितावी क्षेत्र में हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
मंसूरपुर / जानसठ / तितावी। जनपद में बृहस्पतिवार की रात और शुक्रवार को हुए सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। दो हादसे मंसूरपुर और एक-एक हादसा जानसठ और तितावी क्षेत्र में हुआ। सभी मामलों में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पहला हादसा बृहस्पतिवार की रात मंसूरपुर क्षेत्र में हुआ। शाहपुर क्षेत्र के गांव हरसौली निवासी 40 वर्षीय रविंद्र कुमार बृहस्पतिवार की रात मुजफ्फरनगर से बाइक से अपने गांव जा रहा था। मंसूरपुर क्षेत्र के गांव लछेड़ा के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रविंद्र की मौत हो गई। मृतक के पुत्र शुभम की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दूसरा हादसा जानसठ क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात को ही हुआ। गांव गढ़ी निवासी मुस्तफा उर्फ कालू (30) अपनी टाटा मैजिक गाड़ी से गांव-गांव कोल्ड ड्रिंक सप्लाई करता था। बृहस्पतिवार रात 10 बजे मुस्तफा मोरना क्षेत्र में सप्लाई कर लौट रहा था। जौली-बेहड़ा मार्ग पर सफारी कार ने उसकी टाटा मैजिक गाड़ी में टक्कर मार दी। हादसे में मुस्तफा गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसे मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया। मुजफ्फरनगर मेडिकल काॅलेज में उसकी मौत हो गई। मुस्तफा की मौत से परिवार में गम का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
तीसरा हादसा मंसूरपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुआ। गांव पुरबालियान निवासी रविंद्र सिंह ने मंसूरपुर थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसका भतीजा राजीव पुत्र कंवरपाल (32) अपने चचेरे भाई विक्की के साथ शुक्रवार की सुबह बाइक पर मंसूरपुर जा रहा था। काली नदी के पुल के पास रोडवेज बस ने पीछे से उकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में राजीव की मौके पर ही मौत हो गई और विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी चालक बस को छोड़कर फरार हो गया। घायल विक्की को बेगराजपुर मेडिकल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजीव मंसूरपुर के एक होटल में इलेक्ट्रिशियन का कार्य करता था। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं।
चौथा हादसा तितावी क्षेत में शुक्रवार को हुआ। गांव ढिंढावली निवासी गौतम (25) की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। गौतम अपने दो साथियों छोटू और जितेंद्र के साथ बाइक पर किसी काम से धौलरा बस अड्डे पर आया था। तीनों ही सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन से गौतम को टक्कर मार दी। इस हादसे में उसकी मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। छोटू व जितेंद्र की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।