खतौली उपचुनाव में जीत से बढ़ा जयंत का कद
खतौली विधानसभा उपचुनाव में रालोद की जीत पर कार्यकर्ताओं ने हकीकत नगर स्थित कैंप कार्यालय पर मिष्ठान वितरण किया। रालोद खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरपाल सिंह ने कहा कि इस जीत से रालोद मुखिया जयंत चौधरी का कद बढ़ गया है।
बृहस्पतिवार को खतौली उप चुनाव में रालोद प्रत्याशी मदन भैया की जीत पर मिठाई वितरित करते हुए उन्होंने कहा कि यह किसानों, मजदूरों और नौजवानों की जीत है। किसानों ने रालोद को जिताकर साबित कर दिया है कि वे अपने सम्मान और स्वाभिमान से समझौता नहीं करेंगे। किसानों की असली हितैषी पार्टी राष्ट्रीय लोकदल है। उन्होंने मैनपुरी में डिंपल यादव की ऐतिहासिक जीत पर भी हर्ष व्यक्त किया। इस दौरान ज्ञानेंद्र चौधरी, मनोज चौधरी, बिट्टू,, नरेंद्र सिंह, संजीव चौधरी, शीशपाल, सुशील कुमार आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: Khatauli By Election Results: यूपी में RLD का बड़ा कमाल, मदन भैया ने 22 हजार वोटों से जीता 'खतौली मैच'
किसानों और मजदूरों की जीत
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के महानगर अध्यक्ष चौधरी मुकेश तोमर ने खतौली विधानसभा उपचुनाव में हुई मदन भैया की जीत को किसानों और मजदूरों की विजय करार दिया। प्रेस को जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि मदन भैया ने सपा और रालोद गठबंधन के प्रत्याशी के रूप में जीतकर साबित कर दिया कि जनता का भाजपा से मोहभंग होना शुरू हो गया है। यदि यह गठबंधन कायम रहता है तो आने वाले लोकसभा चुनाव में प्रदेश में इसका वर्चस्व रहेगा।