मुजफ्फरनगर जनपद की खतौली विधानसभा सीट पर उप चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हैं। रालोद ने इस सीट पर पत्ते खोल दिए हैं। गुर्जर प्रत्याशी पर दांव खेलते हुए बागपत की खेकड़ा सीट से तीन बार के पूर्व विधायक बहुचर्चित मदन भैया को रालोद ने मैदान में उतारा है।
रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह ने रविवार को जिले में पीपलहेड़ा, तिसंग और मंसूरपुर गांव में जनसभाएं की। तीनों में गाजियाबाद के जावली गांव के रहने वाले पूर्व विधायक मदन भैया मंच पर नजर आए। दिनभर सियासी अटकलें लगाई जा रही थी। जनसभाओं के कुछ घंटे बाद ही रालोद के ट्विटर से पूर्व विधायक मदन भैया को उप चुनाव में प्रत्याशी बनाए जाने का एलान कर दिया गया। इससे पहले मदन भैया मुख्य चुनाव लोनी सीट से लड़े थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। रालोद जिलाध्यक्ष संदीप मलिक ने उनके प्रत्याशी बनाए जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि टिकट की घोषणा कर दी गई है। सपा-रालोद गठबंधन अब पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगा। खतौली उप चुनाव में भाजपा को हराने का काम किया जाएगा।