गेट वे चौकी में घुसी बेकाबू कार को देखते पुलिसकर्मी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
रिक्शा चालक को रौंद गेट-वे चौकी में घुसी बेकाबू वैन
मुजफ्फरनगर। शहर के सुजड़ू चुंगी स्थित गेट-वे चौकी पर बृहस्पतिवार देर रात तेज रफ्तार वैन बेकाबू होकर रिक्शा चालक को रौंदते हुए गेट-वे चौकी में जा घुसी। हादसे में गंभीर रूप से घायल रिक्शा चालक को मेरठ रेफर कर दिया गया है। वहीं, नशे में धुत वैन चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
शहर के सुजड़ू चुंगी स्थित गेट-वे पुलिस चौकी पर बृहस्पतिवार देर रात पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मेरठ की तरफ से आती एक तेज रफ्तार वैन के चालक ने पुलिसकर्मियों को देख बचने का प्रयास किया, जिस पर वैन बेकाबू हो गई और सामने से आते रिक्शा चालक को रौंदते हुए गेट-वे चौकी की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। संयोगवश चौकी पर तैनात सभी पुलिसकर्मी चेकिंग के लिए सड़क पर होने के चलते बेकाबू वैन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए, जबकि रिक्शा चालक के दोनों पैर टूटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर इंस्पेक्टर सिविल लाइंस डीके त्यागी तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल रिक्शा चालक इंदिरा कॉलोनी निवासी नरेश को जिला अस्पताल भेजा, जहां से उसे नाजुक हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि वैन चालक मंसूरपुर निवासी प्रवीण शराब के नशे में धुत पाया गया है, जिसे हिरासत में लेते हुए उसका मेडिकल कराया जा रहा है।
-