खालापार में वृद्ध की हत्या की रिपोर्ट दर्ज
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला खालापार में सोमवार देर रात घर में घुसकर वृद्ध की गोली मारकर हत्या करने के मामले में अज्ञात में हत्यारोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। 24 घंटे बाद भी पुलिस हत्यारोपी या हत्या का मकसद पता लगाने में विफल है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खालापार निवासी वृद्ध सूफी अब्दुल सलाम (60) ताबीज और देशी दवा देने का काम करता था। घर के बाहर बैठक में ही वह बैठता था। सोमवार देर रात एक युवक बैठक में पहुंचा और अंदर घुसकर वहां बैठे वृद्ध को गोली मार दी। गर्दन में गोली लगने से वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन तत्काल वृद्ध को जिला अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को खालापार कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए खाक कर दिया गया। मामले में वृद्ध के बेटे शाकिर ने अज्ञात हत्यारोपी के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। हत्या की दुस्साहसिक वारदात को 24 घंटे का समय बीतने के बावजूद अब तक पुलिस न तो हत्यारोपी को चिह्नित कर सकी है और न ही हत्या की वजह का ही सुराग लगा पाई है। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान का कहना है कि तहरीर के आधार पर अज्ञात में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है और बहुत जल्द उसे गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।