मुजफ्फरनगर में मीरापुर के गांव सिकंदरपुर से करीब दो साल पूर्व फरार हुए प्रेमी युगल की बरामदगी के बाद प्रयागराज से लौटते समय संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में दरोगा सहित सात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी दो वर्गों से ताल्लुक रखने वाला प्रेमी युगल 31 अगस्त 2018 को प्रेम-प्रसंग के चलते घर से फरार हो गया था। युवती के पिता ने युवक के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उस समय मीरापुर थाने में तैनात दरोगा यूनुस खान ने प्रेमी युगल को चार सितंबर 2018 को प्रयागराज से बरामद कर लिया था।
इसके बाद प्रयागराज से मुजफ्फरनगर लौटते समय पुलिस अभिरक्षा में कानपुर के निकट प्रेमी युगल की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। मामले में मृतक युवक के भाई कय्यूम ने दोनों की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की थी। इस पर पीड़ित ने सीजेएम कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराने के लिए याचिका दी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था। इस मामले में सीजेएम कोर्ट ने मीरापुर थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दिए थे, जिस पर गुरुवार शाम मीरापुर पुलिस ने दरोगा यूनुस खान व छह अन्य के विरुद्ध हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी दरोगा यूनुस खान वर्तमान में मंसूरपुर थाने में तैनात है।
यह भी पढ़ें: मेरठ में फिर बढ़ी कोरोना की रफ्तार, सख्त हुई पुलिस, बिना मास्क मिलने पर काटे चालान
मीरापुर इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर कय्यूम की ओर से दरोगा समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी देहात नेपाल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि की है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/