मुजफ्फरनगर। प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद प्रकरण में व्यापारी समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब दो लाख कीमत का माल, तीन वाहन बरामद किए गए हैं।
नई मंडी कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार रात कूकड़ा ब्लॉक चौराहे के पास से प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद व गुटखा का लाखों कीमत के माल से लदे तीन वाहन पकड़े थे। मौके से तंबाकू व्यापारी समेत तीन चालकों को हिरासत में ले लिया गया था। इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि लॉकडाउन का उल्लंघन कर प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद बिक्री करने वाले व्यापारी नुमाइश कैंप निवासी सुरेश पुत्र रामप्रसाद के साथ ही टाटा-एस चालक अंकित निवासी कृष्णापुरी, अनीस, ताज मोहम्मद निवासीगण गांव सूजडू को गिरफ्तार किया है। तीनों वाहनों से तंबाकू उत्पाद व गुटखा के 50 कट्टे माल बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1.95 लाख रुपये है।
एक सप्ताह पूर्व क्राइम ब्रांच ने दी थी घर पर दबिश
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने जिस तंबाकू व्यापारी सुरेश निवासी नुमाइश कैंप को लाखों के माल के साथ गिरफ्तार किया है, उसके घर पर करीब एक सप्ताह पूर्व क्राइम ब्रांच व सिविल लाइंस थाना पुलिस ने भी दबिश दी थी। पुलिस टीम ने सुरेश के साथ उसके भाई के घर भी घंटों जांच की थी और बाद में महज दो कट्टे माल बरामद कर मामले पर लीपापोती कर लौट आई थी। इस मामले में किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई थी। बृहस्पतिवार देर रात हुए खुलासे ने एक सप्ताह पूर्व हुई पुलिस कार्रवाई को भी संदेह के घेरे में ला दिया है।