कसौली में शराब का ठेका फूंकने के आरोप में 19 महिला और पुरुषों को नामजद करते हुए 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। आरोपी पुलिस पकड़ से दूर हैं। उधर, चरथावल में शराबबंदी को लेकर चौथे दिन भी धरना जारी रहा।
बृहस्पतिवार को कसौली गांव में देर शाम शराब की दुकान को आग के हवाले करने के मामले में सेल्समैन नीरज निवासी बुड्ढ़ाखेड़ा ने 19 के खिलाफ नामजद किया है। जिसमें तीन महिला और 16 पुरुषों को एक राय होकर आगजनी और संपत्ति नष्ट करने का आरोपी बनाया है। 50-60 को अज्ञात में आरोपी बनाया गया है। एसएसपी बबलू कुमार ने ठेकों पर तोड़फोड़ करने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए आधा दर्जन महिला कांस्टेबलों की तैनाती कर दी है।
ताकि इस तरह की घटनाओं में शामिल आरोपी महिलाओं पर तत्काल कार्रवाई की जा सकें। विदित हो कि कसौली के अलावा बुड्ढ़ाखेड़ा गांव में महिलाएं शराब की दुकानें बंद कराने को लेकर उग्र रूप धारण किए है। शुक्रवार को अंबेडकर जयंती के कारण शराब की दुकानें बंद होने के कारण महिलाएं घरों से नहीं निकली। दूसरी ओर, कस्बे में रोहाना तिराहे में शराब की दुकानें बंद कराने के लिए लोगों का बेमियादी धरना प्रदर्शन जारी है। यहां भी दो दिनों से शराब की दुकानें बंद हैं। अंकित आर्य, दर्पण कंसल, विवेक आर्य, धीरेंद्र कुमार मौजूद रहे।