मीनाक्षी चौक पर लगाया गया महर्षि वाल्मीकि चौक का होर्डिंग, जिसे नगर पालिका प्रशासन में उतरवाया
मुजफ्फरनगर। हिंदू युवा वाहिनी ने मंगलवार को मीनाक्षी चौक पर महर्षि वाल्मीकि चौक लिखे होर्डिंग्स लगवा दिए, जिन्हें सूचना मिलने पर प्रशासन ने उतरवा दिया।
हिंदू युवा वाहिनी ने मीनाक्षी चौक का नाम बदल कर महर्षि वाल्मीकि चौक रखने की मांग उठाई थी। मंगलवार सुबह हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने मीनाक्षी चौक पर महर्षि वाल्मीकि चौक लिखे हुए होर्डिंग्स लगवा दिए। इस बारे में किसी ने थाना सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने नगर पालिका अधिकारियों को जानकारी दी। कोई विवाद न बने इसके लिए मीनाक्षी चौक पर पुलिस बल को तैनात कर दिया गया। दोपहर में नगर पालिका प्रशासन ने मीनाक्षी चौक पर लगाए तीन होर्डिंग्स उतरवा दिए। एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने कहा कि होर्डिंग्स को लेकर किसी ने कोई शिकायत नहीं की।
हिंदू युवा वाहिनी के पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रहलाद पाहुचा ने कहा कि मीनाक्षी सिनेमा के नाम पर चौक का नाम पड़ा है। मीनाक्षी चौक का न तो पहले कोई अस्तित्व था और न अब है। कई सालों से इस चौक का नाम बदलकर महर्षि वाल्मीकि चौक रखे जाने की मांग की जाती रही है। बोर्ड हटाने के मामले में वह एसएसपी से मिलेंगे।