शहर के नसीरपुर में गौकशी की घटना की जांच करती पुलिस व मौजूद बजरंग दल कार्यकर्ता । संवाद
- नई मंडी के नसीरपुर-पचेंडा रोड का मामला, बजरंग दल कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी के नसीरपुर-पचेंडा रोड पर एक खेत में मृत गाय मिलने पर गोकशी का आरोप लगाया गया। गोकशी करने वाले लोग गोवंश की खाल उतार कर ले गए। पता चलने पर बजरंग दल के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने पहुंच कर हंगामा किया। सूचना पर मंडी पुलिस के साथ सीओ ने पहुंच कर मामला संभाला। सीओ के चार दिन में आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन देने पर कार्यकर्ता शांत हुए।
रविवार दोपहर में कुछ लोग नसीरपुर-पचेंडा रोड से जा रहे थे तो उन्हें एक खेत में मृत गाय दिखाई दी। सूचना पर बजरंग दल के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने पहुंच कर हंगामा शुरू कर दिया। आसपास रहने वाले लोग भी वहां पहुंच गए। हंगामे की जानकारी पाकर सीओ मंडी हेमंत कुमार नई मंडी कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पुलिस को बताया कि गोकश गाय का वध कर खाल उतार कर ले गए हैं। गाय के अवशेष खेत में पड़े हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
बजरंग दल कार्यकर्ता विवेक शर्मा, अनमोल सिंघल, नितिन तायल, अंशुमान, विकास गर्ग, विवेक पंडित आदि ने बताया कि सीओ ने चार दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उधर, पुलिस ने पशु चिकित्सक नीरज कुमार को बुला कर गाय का पोस्टमार्टम कराया और मांस का सेंपल सुरक्षित किया। सेंपल को जांच के लिए भेजा जाएगा। सीओ हेमंत कुमार ने बताया कि गाय का शव खेत में पड़ा मिला था। शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद गड्ढे में दबा दिया गया है। मांस का लिया सेंपल प्रयोगशाला भेजा जाएगा।