- नशे में सिविल ड्रेस में था आरोपी सिपाही, झूला झूलने के दौरान की अश्लील हरकत
संवाद न्यूज एजेंसी
भोपा। मेले में एक युवती ने हंगामा करते हुए सिविल ड्रेस में मेले में मौजूद एक सिपाही पर छेड़छाड़ करने व झूला झूलने के समय भी परेशान करने का आरोप लगाया। युवती व महिलाओं ने मेले में हंगामा भी किया। हंगामे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में पिछले दो दिनों से मेला लगा है। शनिवार रात में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें युवती के साथ छेड़छाड़ को लेकर कुछ महिलाएं हंगामा कर रही हैं। बताया गया कि शनिवार शाम एक युवती अपने परिवार की महिलाओं के साथ मेले में घूमने गई थी। एक युवक उससे छेड़छाड़ करने लगा। इसके बाद वह अपने परिवार की महिलाओं के साथ झूला झूलने लगी तो वह युवक भी झूले में बैठ गया और अश्लील हरकत करने लगा। झूला रुकते ही महिलाओं ने आरोपी युवक की पिटाई कर दी।
मौके पर पहुंची पुलिस युवक को भीड़ के बीच से निकालकर ले गई। आरोप है कि छेड़छाड़ करने वाला आरोपी सिपाही है। वह सिविल ड्रेस में था और शराब के नशे में था। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव शर्मा ने कहा है कि पीड़ित पक्ष ने आरोपी को सिपाही होना बताते हुए युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। युवक के बारे में जानकारी की जा रही है। आरोपी यदि सिपाही पाया गया तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई कराई जाएगी।