गुरु सुदर्शन संघ की सुनिधि जी महाराज का मंगल प्रवेश हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहपुर। जैन महासाध्वी सुनिधि महाराज ने कहा कि वर्तमान परिवेश में परिवार के टूटते रिश्ते समाज के लिए घातक है। रिश्ते दबाव से नहीं अपितु प्रेम से बनते हैं ।
गुरु सुदर्शन संघ की सुनिधि जी महाराज का मंगल प्रवेश हुआ। जैन स्थानक में प्रवचन करते हुए कहा कि परिवारों के सदस्यों में आपस में प्रेम है तो वह परिवार खुशहाल रहता है। इसलिए सभी को अपने परिवार में प्रेम पूर्वक रहकर बड़ों का सम्मान करना चाहिए। हमें अपने जीवन में समाज और देश हित के कार्य करने चाहिए। जैन साध्वी संवेग जी महाराज ने कहा कि अच्छे कर्म करने से अच्छे फल मिलते हैं। साध्वी सजग जी महाराज ने कहा कि भगवान महावीर ने जियो और जीने दो का संदेश दिया है। यदि सभी लोग भगवान महावीर के संदेश को अपनाएं तो देश में सुख, शांति होने के साथ देश खुशहाल होगा।
धर्म सभा को साध्वी श्रयेश जी महाराज ने भी संबोधित किया। दोपहर बाद जैन साध्वियों ने बुढ़ाना की ओर विहार किया। इस दौरान बालेश जैन, राजेंद्र जैन, संजीव जैन, शील चंद जैन, सतीश चंद्र जैन, हर्षित जैन, पारस जैन, भूषणलाल जैन, राकेश जैन और वैभव जैन आदि मौजूद रहे ।