भोपा। दहेज की मांग पूरी न होने पर उत्तराखंड निवासी व्यक्ति ने रिश्ता तोड़ दिया। युवती के पिता ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की हैं ।
थाना क्षेत्र के गांव मजलिसपुर तौफीर निवासी व्यक्ति ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी पुत्री का रिश्ता लगभग डेढ़ माह पूर्व हरिद्वार जनपद के एक गांव में तय किया था। उसने अंगूठी की रस्म व सगाई आदि कार्यक्रम में लड़के वालों पर लाखों रुपये खर्च किये थे। लेकिन कुछ दिन बाद ही दहेज लोभी लड़के पक्ष के लोगों ने आए दिन उनके सामने मांग रखनी शुरू कर दी। उनसे एक लाख रुपये नगद व बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जाने लगी।
उन्होंने अपने मान सम्मान व बेटी के भविष्य को देखते हुए युवक पक्ष की कई शर्त मान भी ली। लेकिन इससे बाद भी उनकी मांग बढ़ती ही गई और मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर युवक पक्ष द्वारा रिश्ता तोड़ दिया गया। संवाद