बागी प्रत्याशी ने भाजपा मंडल अध्यक्ष से मारपीट की
मुजफ्फरनगर। जनपद में सोमवार को जिला पंचायत के वार्ड-दस के लिए हो रहे मतदान के दौरान बखेड़ा हो गया। पचेंडा रोड स्थित पीआर पब्लिक स्कूल में लगे मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान को लेकर विवाद हो गया। भाजपा के बागी प्रत्याशी ने भाजपा के मंडल अध्यक्ष से मारपीट कर दी। पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए निर्दलीय प्रत्याशी के भाई समेत कई को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने देर रात तक सभी लोगों को थाने की हवालात में कैद कर दिया।
जिला पंचायत सदस्य के पद पर वार्ड-दस से भाजपा ने श्रीभगवान शर्मा को समर्थन दिया था। इस पर भाजपा नेता हरेंद्र शर्मा ने बगावती तेवर अख्तियार कर निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर पर्चा भरा। सोमवार दोपहर बाद शहर के पचेंडा रोड स्थित पीआर पब्लिक स्कूल में मतदान के दौरान फर्जी मतदान को लेकर भाजपा समर्थित व निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि भाजपा से बागी निर्दलीय प्रत्याशी हरेंद्र शर्मा ने सबके सामने भाजपा के मंडल अध्यक्ष कपिल पाल से मारपीट कर दी। इस मामले की जानकारी मिलने पर इंस्पेक्टर अनिल कपरवान मौके पर पहुंचे। पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठियां फटकारी। पुलिस ने हरेंद्र शर्मा के भाई समेत कई लोगों को हिरासत में ले लिया। देर रात तक प्रत्याशी के भाई समेत सभी लोग थाने की हवालात में बंद थे। पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
कूकड़ा के रामप्यारी स्कूल में भी बखेड़ा
मुजफ्फरनगर। फर्जी मतदान को लेकर शहर से सटे गांव कूकड़ा स्थित रामप्यारी पब्लिक स्कूल में बने मतदान केंद्र में भी जमकर हंगामा हुआ। यहां दो प्रत्याशी व उनके समर्थक आमने-सामने आ गए, जिससे हंगामा खड़ा हो गया। जानकारी मिलने पर पहुंची नई मंडी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाठियां फटकारते हुए प्रत्याशी उमेश धीमान समेत कई अन्य को हिरासत में ले लिया। इसके बाद यहां फोर्स की मौजूदगी में मतदान कराया गया। प्रत्याशी समेत हिरासत में लिए गए सभी लोग देर रात तक थाने में ही बैठे हुए थे।
चांदपुर-मखियाली में प्रधान प्रत्याशी आमने-सामने
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के ही गांव चांदपुर-मखियाली में भी सोमवार शाम फर्जी मतदान को लेकर प्रधान पद के दो प्रत्याशी व उनके समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जबरदस्त तीखी नोकझोंक के साथ ही धक्कामुक्की भी हो गई। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझाबुझाकर शांत कर दिया।
खोखनी में पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा
खतौली। गांव खोखनी में मतदान के दौरान दो प्रत्याशी में विवाद हो गया। वहां पर भीड़ एकत्र होने लगी। भीड़ एकत्र होता देख पुलिस ने उन्हें दौड़ा दिया। सोमवार को मतदान के दिन सुबह से ही गर्मी चरम सीमा रही। बावजूद इसके रोजेदार मतदान केंद्रों पर पहुंचे। उन्होंने गर्मी की परवाह किए बिना लाइन में लगकर अपने मत का प्रयोग किया।