ककरौली के गांव बेहड़ा सादात में कच्चे मकान की गिरी छत को देखते ग्रामीण।
- फोटो : KHATAULI
ककरौली। मकान की कच्ची छत अचानक भरभरा कर गिर गई। जिसके नीचे दबनेे से परिवार के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बच्चे बाल बाल बच गए। मलबे के नीचे सामान दबने से हजारों रुपयों का नुकसान हो गया।
ककरौली के गांव बेहड़ा सादात निवासी कल्लू अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में रहता है। सोमवार रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। रात में करीब तीन बजे बारिश एवं तेज हवा के चलते अचानक मकान की छत गिर गई और परिवार में चीख पुकार मच गई। शोर शराबा सुनकर पड़ोस के लोग पहुंचे और मलबे से कल्लू और बच्चों को निकाला। कल्लू के हाथ में एवं बेटे के सिर में चोट लगने से दोनों घायल हो गए। जबकि उसके अन्य बच्चे कामिल, शादाब, अमीर, फैजान एवं बेटी उजमा बाल बाल बच गए। दोनों घायलों को लोगों ने निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। कल्लू ने बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का खर्च चलाता है। वह कई साल से वह अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में रह रहा है। कारी इस्तेकार अहमद, मोहम्मद अय्यूब, मास्टर बाबू, आसिफ रजा, नफीस, रहमत, मास्टर मोहम्मद अली आदि ने जानसठ एसडीएम को ज्ञापन देकर पीड़ित को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।