रतनपुरी पुलिस ने नौकर को बंधन मुक्त कराया
रतनपुरी। पुलिस ने सिलीगुड़ी निवासी घरेलू नौकर को डबल निवासी किसान के यहां से बंधन मुक्त कराया।
पुलिस के अनुसार पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी निवासी आसिफ पिछले करीब एक वर्ष से रतनपुरी क्षेत्र के गांव डबल निवासी किसान ओमपाल के यहां खेतीबाड़ी का काम करता था। नौकर आसिफ किसान ओमपाल के पास ही रहता था। आसिफ ने आरोप लगाया कि उसके मालिक ओमपाल ने उसे पिछले एक वर्ष से कोई रुपया नहीं दिया और न ही उसका कोई हिसाब किया। जब भी वह हिसाब किताब करने की बात करता, तो किसान उसके साथ मारपीट करता था। सोमवार को पीड़ित ने किसी अन्य ग्रामीण की सहायता से बंधक बनाकर रखने की सूचना रतनपुरी पुलिस को फोन पर दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस नौकर को बंधन मुक्त कराकर अपने साथ थाने ले आई। उधर, आरोपी किसान ओमपाल को थाने लाया गया। पुलिस ने अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में नौकर के मजदूरी के 21 हजार रुपये ओमपाल से दिलवाए। पीड़ित का उसके गृहनगर सिलीगुड़ी जाने के लिए रेल का रिजर्वेशन भी कराया। इसके बाद आसिफ को उसके घर के लिए रवाना किया गया।