मोरना। ककरौली बिजलीघर के निकट हुई युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कम्हेड़ा के पास से तीन हत्यारोपी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक बाइक लूट का विरोध करने पर हत्या की गई थी।
ककरौली थानाक्षेत्र अंतर्गत बेहड़ा सादात निवासी राशिद जानसठ में कबाड़ की दुकान करता था। 27 जून ककरौली में बिजलीघर के पास राशिद की लाश मिली थी। उसके सीने पर गोली लगी पाई गई थी। पुलिस ने शव को मोर्चरी भेजकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
परिजनों की तरफ से बताया गया था कि राशिद घर से बाइक पर दुकान पर जाने की बात कहकर निकला था। वारदात की छानबीन में सामने आया कि सुजडू निवासी गुलफाम, सुलेमान और रामपुरी निवासी नरेंद्र ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। बुधवार को तीनों आरोपी कम्हेड़ा गांव के समीप से पकड़ लिए गए।
राशिद से लूटी गई बाइक और दो तमंचे बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान हत्यारोपियों ने अपना गुनाह कबूल किया है। तीनोंआरोपी दोस्त हैं। बाइक लूटने के इरादे से राशिद को रोका था। लूट के दौरान राशिद ने गुलफाम को बाहों मेें जकड़कर शोर मचाने की कोशिश की थी।
चंगुल से बचकर भाग निकलने के लिए राशिद को गोली मारकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है।