- आरोपी ने दिया था शादी का आश्वासन, तय दिन पर बरात लेकर नहीं पहुंचे
मीरापुर। क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने रामराज क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक पर उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर दो साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। युवक पक्ष ने बृहस्पतिवार को शादी करने का आश्वासन दिया, लेकिन बरात लेकर नहीं पहुंचे। पुलिस को तहरीर दी गई है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने थाने में दी तहरीर में बताया कि रामराज क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की उनके गांव में रिश्तेदारी है। काफी समय से आने जाने के दौरान युवक का युवती से प्रेम प्रसंग हो गया। आरोप है कि युवक कई बार युवती को अपने घर पर भी लेकर गया, जिसकी जानकारी युवक के परिजनों को भी है। दस दिन पहले दोपहर के समय युवती को युवक बहला फुसलाकर अपने साथ घर ले गया। बाद में युवक का पिता युवती को मीरापुर छोड़ कर चला गया। युवती ने मामले की जानकारी परिजनों को दी तो उन्होंने युवक के परिजनों से बात की तो बृहस्पतिवार को दोनों की शादी कराने की बात कही।
बृहस्पतिवार को युवती के सभी रिश्तेदार गांव में पहुंच गए। बरात आने का इंतजार करने लगे। दोपहर तक बरात न आने के कारण युवती पक्ष के लोगों ने युवक पक्ष से बात की तब उन्होंने शादी करने से इन्कार कर दिया। इस मामले में युवती के पिता ने शादी का झांसा देकर दो साल तक दुष्कर्म करने का भी आरोप लगा कर तहरीर दी है। इंस्पेक्टर मीरापुर रवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि वह सरकारी कार्य से बाहर आए हुए हैं। मामले की जानकारी नहीं है।
बाइक सवार हादसे में घायल
मीरापुर। मोहल्ला मुश्तर्क निवासी सोनू अपनी बाइक से मीरापुर से रामराज की ओर जा रहा था। जब वह कैथोड़ा में टूटी पुलिया के पास पहुंचा तो सामने से तेज गति से आ रही कार से उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई और वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए भेजा गया। उधर, कार चालक हादसे के बाद फरार हो गया। पुलिस ने जानकारी से इन्कार किया है।