- दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगा कर तहरीर दी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। कलक्ट्रेट परिसर में बृहस्पतिवार दोपहर महिला सुरक्षा सेल में सुनवाई के लिए पहुंचे दंपती के बीच काउंसलिंग फेल हो गई। इसके बाद महिला व उसके परिजनों ने दहेज के लिए महिला को परेशान करने के आरोपी पति की पिटाई की। इससे कलक्ट्रेट परिसर में भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने पहुंच कर मामला संभाला। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगा कर तहरीर दी है।
कलक्ट्रेट परिसर में स्थित महिला सुरक्षा सेल में पति पत्नी के बीच चल रहे विवाद को काउंसलिंग के जरिए समाप्त कराया जाता है। बृहस्पतिवार को भोपा क्षेत्र के गांव शाहदरा निवासी मोनिका व मंगलौर हरिद्वार क्षेत्र निवासी दीपक भी काउंसलिंग के लिए आए थे। दोनों पक्षों में विवाद हो गया। दीपक जैसे ही महिला सेल से बाहर निकला तो मोनिका, उसकी बहन व अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मौके पर खड़े लोगों ने किसी तरह दीपक को छुड़ाया।
सूचना पर पहुंची सिविल लाइन पुलिस ने मामला शांत कराया। दीपक का आरोप है कि उसकी शादी 2021 में मोनिका से हुई थी, ससुराल वालों ने उस पर दहेज मांगने का झूठा मुकदमा दर्ज कराया है। उससे दस लाख रुपये मांग रहे हैं। वह काउंसलिंग के लिए आया था। उसकी पत्नी, साली अन्य परिजनों ने मारपीट की है। मोनिका का आरोप है कि दीपक का किसी और युवती से संबंध है। वह काउंसलिंग में आई थी। दीपक ने उसे व भाई को जान से मारने की धमकी दी।