मीरापुर में दशहरा के अवसर पर रावण व मेघनाथ के पुतले तैयार करते दस्तकार इकरामुदीन।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
रावण एवं मेघनाद के पुतले बनाने में जुटा परिवार
मीरापुर। रामलीला मैदान पर दहन के लिए रावण व मेघनाद के 20 फीट ऊंचाई के विशालकाय पुतलों का निर्माण जारी है। पुतलों के निर्माता इकरामुदीन दस वर्षों से हर साल पुतलों का निर्माण करते हैं। इसी परिवार के कुछ सदस्य पंजाब में जाकर रावण, मेघनाद व कुंभकरण के पुतले बनाते हैं।
श्री रामलीला समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार गोयल ने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी दशहरा पर भुम्मा रोड स्थित रामलीला मैदान में रावण मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। प्रत्येक पुतले की ऊंचाई 20 फीट होगी। ऊंचाई को देखते हुए पुतलों को तीन भागों में तैयार किया गया है, जिनमें सिर, धड़ तथा पैरों को अलग-अलग तैयार करके जोड़ा जा रहा है। पुतला बनाने वाले इकरामुदीन अपने परिजनों के साथ निर्माण में सक्रिय हैं। यह परिवार प्रतिवर्ष पुतले बनाता है। बांस की खपच्चियों तथा कपड़ा व कागज की सहायता से दोनों पुतलों का ढांचा तैयार हो चुका है। उनकी साज सज्जा में इकरामुदीन परंपरागत वेषभूषा व सजावट में सक्रिय हैं। दोनों पुतले करीब 20 हजार रुपये में तैयार किए गए हैं। मोहल्ला मुश्तर्क में बनाए जा रहे पुतलों को ट्रैक्टर ट्राली पर लादकर रामलीला मैदान ले जाया जाएगा, जहां पुतलों के तीनों हिस्सों को जोड़कर बल्लियों व रस्सियों के सहारे खड़ा किया जाएगा। देर शाम दशहरा मेले के समापन पर दोनों पुतलों का दहन किया जायेगा।