मुजफ्फरनगर। जमीयत उलमा ने डीएम से रमजान के महीने में मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में बिजली, पानी और सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
जमीयत उलमा के पदाधिकारी जिला महासचिव कारी जाकिर हुसैन कासमी के नेतृत्व में डीएम दिनेश कुमार सिंह से मिले। डीएम को दिए ज्ञापन में जमीयत ने कहा कि सात जून से पवित्र रमजान का महीना शुरू हो रहा है। ऐसे में मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जानी आवश्यक है।
मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में रमजान के महीने के दौरान सहरी, इफ्तार और तरावीह की नमाज के दौरान विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होनी चाहिए। इसके साथ ही पेयजल आपूर्ति भी सुचारु की जाए। जमीयत ने जिला कारागार में मुस्लिम बंदियों को रमजान में रोजे रखने के लिए सहरी और इफ्तार के साथ ही तरावीह की नमाज की व्यवस्था कराने की भी मांग की।
जमीयत ने संवेदनशील क्षेत्रों में स्थित मस्जिदों पर तरावीह की नमाज के दौरान पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने की डीएम से मांग की। डीएम ने आश्वासन दिया कि रमजान माह में मुस्लिमों को बिजली, पेयजल आदि की पर्याप्त आपूर्ति का आश्वासन दिया। उनकी मांगों को पूरी करने का भरोसा दिया। ज्ञापन देने वालों में इकराम, मुरसलीम, मोहम्म्मद खालिद, मन्नान, अहसान आदि शामिल रहे।