डा. नवाज देवबंदी, प्रसिद्ध शायर
- फोटो : DEVBAND
देवबंद(सहारनपुर)। शायरों और कवियों ने मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की मौत को बड़ा सदमा बताया है। प्रसिद्ध शायर डॉ. नवाज देवबंदी ने भावुक प्रतिक्रिया दी है। देवबंदी ने कहा कि श्रीवास्तव ने 42 दिन तक मौत को हंसाने की कोशिश की, लेकिन इस कोशिश में तो सभी नाकाम रहते हैं।
करोड़ों लोगों की लाफ्टर मेडिसिन राजू श्रीवास्तव लोगों को रुलाकर दुनिया से हमेशा हमेशा के लिए चले गए। उनकी बेवक्त रुखसती पर प्रसिद्ध शायर डॉ. नवाज देवबंदी ने भावुक अंदाज में कहा की राजू श्रीवास्तव हंसी के मास्टर थे। उनके खास अंदाज ने टीवी की छोटी स्क्रीन को भी बड़ी स्क्रीन के बराबर लाकर खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि यह दुनिया गमों से भरी हुई है। यहां अगर कोई आदमी किसी के होठों पर एक पल के लिए भी मुस्कराहट ला देता है तो वह बेहद कीमती होता है। राजू श्रीवास्तव इसी प्रकार की अनमोल शख्सियत थे। डॉ. देवबंदी ने कहा कि राजू श्रीवास्तव 42 दिनों तक जिंदगी की जंग लड़ते रहे, लेकिन वह मौत को हंसाने में नाकाम रहे। वहीं, शायर नदीम शाद, डॉ. शमीम देवबंदी, डॉ. महताब आजाद, शायर वली वकास, डॉ. काशिफ अख्तर, हास्य शायर जहाज देवबंदी सहित अन्य शायरों और कवियों ने राजू श्रीवास्तव की मौत को बड़ा सदमा बताया है।