शाहपुर में डॉक्टर भीमराव रामजी आंबेडकर के प्रपौत्र राजरतन आंबेडकर ने कहा कि भाजपा व आरएसएस मिलकर संविधान खत्म करना चाहते हैं। समाज के युवाओं से सड़कों पर उतरकर आंदोलन नहीं करने का आह्वान किया गया। पूर्व मंत्री विनोद तेजियान ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में उद्योगपतियों की सरकार है।
बुधवार को कस्बे के एक बैंक्वेट हॉल में भीम आर्मी की ओर से आयोजित भीम जागरण में राजरतन अंबेडकर ने कहा कि भाजपा व आरएसएस ने स्कूली पाठ्यक्रम से बाबा साहब के जीवन परिचय को हटा दिया है, ताकि नई पीढ़ी को उनके बारे में जानकारी नहीं हो सके। देश के संविधान को भी खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने दो अप्रैल को हुए हिंसात्मक आंदोलन का हवाला देते हुए समाज के युवाओं से शांति से आंदोलन करने का आह्वान किया। पूर्व मंत्री विनोद तेजियान ने कहा कि केंद्र व प्रदेश में पूंजीपतियों की सरकार है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था करे कि गरीब बच्चे भी कान्वेंट स्कूल में पढ़ सके। पूर्व जिला पंचायत सदस्य अकरम खान, आयोजक किशोरी गौतम, पंकज गौतम, सुदेश, अमित व शिवाजी गौतम ने सभी का आभार व्यक्त किया।
खूब बिकी टी-शर्ट, टोपी व साहित्य
शाहपुर। भीम जागरण में भीम आर्मी की टी-शर्ट व टोपी के साथ ही बाबा साहब का साहित्य खूब बिका। कार्यक्रम में इनके बाकायदा स्टॉल लगे हुए थे, जिन पर भारी भीड़ रही।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
शाहपुर। भीम आर्मी की ओर से आयोजित भीम जागरण को सकुशल संपन्न कराने के लिए भारी पुलिस बल व पीएसी को तैनात किया गया था। फायर ब्रिगेड जागरण स्थल के पास तैनात थी। वहीं, खुफिया विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे। आला अफसर लगातार इंस्पेक्टर केपी सिंह से कार्यक्रम के संबंध में जानकारी लेते रहे।