शहर की दुकानों पर छापेमारी करते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश सरकार के पॉलिथीन को प्रतिबंधित करने के बाद जिला प्रशासन ने अभियान चला दिया है। सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में दाल मंडी, घास मंडी, भगत सिंह रोड, शिवचौक, झांसी की रानी पर चलाए गए छापामार अभियान में पॉलिथीन जब्त की गई। चेतावनी दी गई कि दुकानों पर पॉलिथीन का प्रयोग न करें।
पॉलिथीन हमारी आम जिंदगी में पूरी तरह चिपकी हुई है। चाय, दूध से लेकर सब्जी तक पॉलिथीन में लाई जा रही है। किरयाना से लेकर बिसात खाने का सामान पॉलिथीन में आ रहा है। अचानक प्रदेश सरकार के पॉलिथीन के बंद करने के आदेश से सब सकते में हैं और इसका विकल्प ढूंढा जा रहा है।
15 जुलाई से प्रतिबंध के आदेश के बाद रविवार को सिटी मजिस्ट्रेट अमित सिंह के नेतृत्व में पॉलिथीन को लेकर दुकानों पर छापामारी की गई। दाल मंडी में किरयाना की दुकानों से पॉलिथीन जब्त की गई। घास मंडी सब्जी की दुकानों और पॉलिथीन के थोक विक्रेताओं से पॉलिथीन जब्त हुई।
शिवचौक, भगत सिंह रोड और झांसी की रानी के आसपास के दुकानदारों से भी छापेमारी में पॉलिथीन जब्त कर ली गई। सभी को चेतावनी दी गई कि वह अब इसका प्रयोग न करें। कुछ व्यापारियों ने एकत्र होकर कहा कि वह सोमवार को अपनी दुकानों से एकत्र कर समस्त पॉलिथीन नगर पालिका में जमा करा देंगे। सरकार के अभियान में प्रशासन का साथ दिया जाएगा।
ग्राहक थैला लेकर आएं
मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार के पॉलिथीन पर प्रतिबंध के बाद कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों पर लिख दिया है कि ग्राहक थैला लेकर आएं। बिना थैले के सामान नहीं दिया जाएगा।
बाजार में बढे़गी लिफाफों की डिमांड
मुजफ्फरनगर। बाजार में दाल, चीनी आदि देने के लिए दुकानदारों को अब विकल्प के रुप में लिफाफों का प्रयोग करना पड़ेगा। पॉलिथीन पर प्रतिबंध के बाद बाजार में लिफाफों की डिमांड बढ़ गई है।
रैली निकाल करेंगे जागरूक
मुजफ्फरनगर। सिटी मजिस्ट्रेट अमित सिंह ने बताया कि पॉलीथीन को लेकर आम जनता को जागरुक करने का काम भी किया जाएगा। इसके लिए सोमवार को स्कूली बच्चों की रैली निकाली जाएगी। आम जनता को जागरूक किया जाएगा।