मुजफ्फरनगर। दीपावली की छुट्टी की बाद बृहस्पतिवार को खुले जिला अस्पताल में हर ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी कतार लग गई। 2128 मरीजों ने उपचार कराया। बुखार, नजला, खांसी और जुकाम के मामले अधिक रहे।
स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय में भी छुट्टी के चलते पिछले दिनों ओपीडी भी प्रभावित हुई। बृहस्पतिवार को अस्पताल खुला तो दिनभर मरीजों को परामर्श दिया गया। ऐसे में मरीजों की भीड़ अधिक रही। सुबह से ही पर्चा कक्ष से लेकर औषधि वितरण कक्ष तक मरीजों की भीड़ जुटना शुरु हो गई थी। 2128 मरीजों ने उपचार कराया। जिला चिकित्सालय पुरुष के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि चार दिन बाद जिला चिकित्सालय में नियमित ओपीडी चली है। ऐसे में मरीजों की भीड़ बढ़ गई। लोगों को उनके नंबर के हिसाब से परामर्श दिया गया है। चिकित्सकों ने सभी मरीजों को देखा जिसके बाद उन्हें दवा वितरित की गई। उन्होंने कहा कि अधिकांश मरीज बुखार, नजला खांसी, सांस आदि से पीड़ित पहुंचे।
जिले में लगातार डेंगू मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। अब डेंगू मरीजों की संख्या 400 के पार पहुंच गई है। बृहस्पतिवार को डेंगू के छह केस पॉजीटिव पाए गए। इनमें एक खतौली, दो मेघाखेड़ी और तीन शहरी क्षेत्र के शामिल हैं। जिसके बाद अब यह संख्या 423 पर पहुंच गई है। वहीं, जिला चिकित्सालय में डेंगू के करीब 14 मरीज भर्ती है। जिनका उपचार चल रहा है। जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने बताया कि लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। घर में किसी भी जगह पानी इकट्ठा न होने देने की सलाह दी जा रही है।