पुरकाजी। खादर क्षेत्र की सोलानी नदी में धीरे-धीरे पानी कम होने से ग्रामीण राहत महसूस कर रहे हैं। लेकिन रास्तों पर पानी कम नहीं होने से ग्रामीणों की समस्या बनी हुई है। पशुओं के लिए चारे की समस्या आ गई है। ग्रामीणों को कीचड़ भरे रास्तों व बड़े बड़े गड्ढों से होकर गुजरना पड़ रहा है।
उत्तराखंड में बारिश के बाद सोलानी नदी का जल स्तर बढ़ गया था। गांव भदोला, पांचली, रामनगर, रजगल्लापुर, रतनपुरी व शेरपुर नगला आदि गांवों के रास्तों पर भर जाने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया था। रविवार को धीरे धीरे पानी कम होने से ग्रामीणों ने राहत महसूस की। मगर खादर क्षेत्र के कई गांवों के रास्तों का हाल बहुत खराब हो गया है। हालात यह हैं कि गांव शेरपुर नगला व धुममनपुरी के रास्ते पर जहां पानी भरा हुआ है। वहीं शेरपुर नगला व रामनगर के रास्तों में कीचड़ भरा पड़ा है और सड़क टूटकर बड़े बड़े गड्ढे बन गए हैं। रास्तों से साइकिल व बाइक भी नहीं निकल पा रही है। ग्रामीणों को बमुश्किल टूटे रास्ते से व खेतों के रास्ते चक्कर काटकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। ग्रामीण राजू प्रजापति, गुलशन कुमार, यादराम प्रजापति, बिजेंद्र सिंह, साधुराम आदि ने बताया कि नदी में करीब 12 फीट पानी होने के कारण ग्रामीण नदी पार नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों को नाव में बैठकर ही नदी पार करनी पड़ रही है। स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को रास्तों पर भरे पानी से ही गुजरना पड़ रहा है। जंगलों में पानी भरा होने के कारण पशुओं के लिए चारे की विकट समस्या बन गईं है। पशुओं को भूसा खिलाना पड़ रहा है।