पंचायत चुनाव को लेकर अफसरों की बैठक लेते डीएम और एसएसपी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
भ्रामक प्रचार करने वालों को जेल भेजे
मुजफ्फरनगर। डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव ने शुक्रवार देर रात पंचायत चुनाव को लेकर मजिस्ट्रेट और सीओ की बैठक ली। कहा कि पंचायत निर्वाचन को पारदर्शी, शांतिपूर्ण व भयमुक्त वातावरण में संपंन कराने की जिम्मेदारी सभी की है। चुनाव में बिना अनुमति वाले वाहनों को सीज करें।
डीएम ने कहा कि एसडीएम और सीओ अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहें। दबंगों के विरुद्ध समय रहते ही निरोधात्मक कार्रवाई करें। मतदान के दिन अफवाहों को फैलने से सख्ती से रोकें तथा अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करें। ऐसा वातावरण तैयार करें कि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
एसएसपी ने कहा कि अभी से ही सख्ती दिखनी चाहिए ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। अभी से ही दबंगों के पेच कसें। घटना होने पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई करें। जिले में फोर्स की कमी नहीं है। मतदाताओं पर कोई भी दबंग व्यक्ति दबाव न डाल सके, कोई दबंग व्यक्ति मतदाता को रोकता है या डराने धमकाने की कोशिश करता है तो ऐसे व्यक्ति को पकड़ कर जेल भेजें। मतदान समाप्त होेने पर मत पेटियों को सील करा कर अपनी देखरेख में स्ट्रांग रूम में पंहुचवायेंगे। बैठक में सीडीओ आलोक यादव, एडीएम अमित सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह सभी एसडीएम, सीओ और थाना प्रभारी मौजूद रहे।