भाई की मौत के गम में प्रधानाचार्य का निधन
मुजफ्फरनगर/चरथावल। तीन दिन पहले हुई बड़े भाई की मृत्यु के गम में शुक्रवार को गांधी इंटर कॉलेज चरथावल के प्रधानाचार्य डॉक्टर मनोज गुप्ता का निधन हो गया। गमगीन माहौल में नदी रोड श्मशान घाट पर चिता को मुखाग्नि मृतक के भाई के साले ने दी। अंतिम संस्कार कॉलेज के शिक्षकों और समाजसेवी संस्था के प्रयास से किया गया। उधर, प्रधानाचार्य की कोरोना की जांच नहीं कराई गई थी।
शहर के ब्रहमपुरी अरोरा क्वार्ट्स निवासी डॉक्टर मनोज गुप्ता (54) का अचानक निधन हो गया। उन्हें चुनाव में ड्य़ूटी के बाद नजला और बुखार की शिकायत चल रही थी। तीन दिन पहले उनके बड़े भाई अशोक गुप्ता (63) के ह्दयाघात से मौत हो गई थी। बीमारी के बावजूद मनोज गुप्ता ने बृहस्पतिवार को उनकी अस्थि विसर्जन और तेरहवीं की रस्म शुकतीर्थ जाकर पूरी कराई थी। रात में भाई के जाने के गम में उनकी हालत बिगड़ गई। शुक्रवार सुबह उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उन्होंने दम तोड़ दिया। तीन दिन में दोनों भाइयों की मौत के बाद परिवार में सिर्फ भाभी और भतीजी बचे हैं। शव का अंतिम संस्कार कराने में कॉलेज प्रबंधन को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। दोपहर बाद अंतिम संस्कार के लिए समाजसेवी संस्था शिव शक्ति कांवड़ सेवा समिति के सदस्यों के साथ कॉलेज के शिक्षक मोहित तायल, जितेंद्र कुमार, विनोद कुमार और कर्मचारी मेघराज ने चरथावल से पहुंचकर अंतिम संस्कार कराया। मुखाग्नि उनके भाई के साले ने दी। श्मशान घाट पर भतीजी पूजा भी बिलख रही थी। चरथावल में शोक छा गया।