चौधरी चरण सिंह युवा दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन
मेरठ, बिजनौर, सहारनपुर , शामली के खिलाड़ियों ने भी किया प्रतिभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरना (मुजफ्फरनगर)। तीर्थ नगरी शुकतीर्थ में मोरना मार्ग पर चौधरी चरण सिंह युवा दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मेरठ, बिजनौर, सहारनपुर , शामली और मुजफ्फरनगर के सैकड़ों युवाओं ने प्रतिभाग किया। विभिन्न वर्ग में प्रिंस, रूबी व राकिब प्रथम रहे।
दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ स्वामी ओमानंद महाराज और भाजपा किसान प्रकोष्ठ क्षेत्रीय अध्यक्ष अमित राठी ने फीता काटकर किया। स्वामी ओमानंद महाराज ने कहा कि खेलों से शारीरिक ,मानसिक व चरित्र का निर्माण होता है। खेल युवाओं को शक्तिशाली और सुदृढ़ बनाने में सहायक हैं। स्वस्थ युवा ही मजबूत लोकतंत्र का आधार हैं। दौड़ प्रतियोगिता आयोजक आकाश धारीवाल ने बताया कि 10 किलोमीटर दौड़ में प्रिंस सहारनपुर प्रथम, गौतम नरसिंहपुर द्वितीय और जंग बहादुर बिजनौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर गर्ल्स दौड़ में रूबी पचेंडा प्रथम नव्या द्वितीय, निशा तृतीय स्थान पर रही। 200 मीटर दौड़ में राकिब मुजफ्फरनगर प्रथम , हिमांशु मलिक द्वितीय, आयुष बालियान तृतीय स्थान पर रहा। विजेताओं को नगद धनराशि और ट्राफी देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के आयोजन में संदीप सैनी, नितिन मलिक, राजू पाल, अमित, आकाश शर्मा, गोविंद गिरी, अमित, गोपाल सैनी आदि ने मुख्य भूमिका निभाई।