प्राथमिक विद्यालय खुले, कम पहुंचे विद्यार्थी
जानसठ/मोरना। सरकार के आदेशानुसार एक मार्च से सरकार की गाइडलाइन के अनुसार प्राथमिक विद्यालय खोले गए। करोना काल में पिछले लगभग एक वर्ष से स्कूलों की छुट्टी चली आ रही थीं। अब सरकार ने एक मार्च से प्राथमिक विद्यालयों को खोलने की मंजूरी दे दी। सोमवार सुबह जब बच्चे प्राथमिक विद्यालय पहुंचे, तो शिक्षकों ने बच्चों को गुब्बारे व टॉफी देकर स्वागत किया। वहीं बच्चों में भी स्कूल जाने को लेकर उत्साह नजर आया। जबकि कुछ स्कूलों में बच्चे कम संख्या में पहुंचे। स्कूलों में शिक्षक व बच्चे सरकार की गाइड लाइन के अनुसार मास्क लगाकर स्कूल पहुंचे।
सरकार की गाइड लाइन के अनुसार सोमवार व बृहस्पतिवार को कक्षा पांच व कक्षा एक के बच्चों की क्लास चलाई जाएंगी। मंगलवार व शुक्रवार को कक्षा 4 व कक्षा दो की क्लास चलाई जाएगी। वहीं बुधवार को कक्षा 3 की क्लास होगी। आगे इसी क्रमानुसार स्कूलों में क्लास लगाई जाएंगी। वहीं भोपा, मोरना, बेहड़ा, ककरौली, शुकतीर्थ, फिरोजपुर, भोकरहेड़ी, छछरौली, करहेड़ा में स्कूल खोलने पर शिक्षकों ने बच्चों का स्वागत करते हुए क्लास में पढ़ाई शुरू की।
बच्चों का मेहमानों की तरह हुआ स्वागत
पुरकाजी। एक वर्ष बाद खुले प्राइमरी स्कूलों में पहुंचने वाले बच्चों का अध्यापकों व अध्यापिकाओं द्वारा मेहमानों की तरह स्वागत किया गया।
कस्बे के कंपोजिट विद्यालय में पहुंचने पर बच्चों के हाथ सैनिटाइजर से धुलवाकर चॉकलेट व गुब्बारे भेंट किए गए। प्रधानाचार्य मुकेश शर्मा ने बताया कि एक और पांचवीं क्लास के कुल 190 बच्चों में पहले दिन 63 बच्चे स्कूल आए। इसके अलावा बाल निकेतन स्कूल में 379 बच्चों में मात्र सात व प्राथमिक विद्यालय नंबर दो में 60 में से 20 बच्चे ही आ पाए।