बुढ़ाना की पूजा तोमर ने एमएमए इवेंट प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बुढ़ाना। कस्बे की मार्शल आर्ट खिलाड़ी पूजा तोमर ने अंतर्राष्ट्रीय एमएमए इवेंट प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर कस्बा व प्रदेश का नाम रोशन किया है। पूजा की सफलता से परिवार में खुशी की लहर है।
दुबई में एमएमए इवेंट अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। अभिनेता टाइगर श्रॉफ ने 18 नवंबर को इस प्रतियोगिता का आयोजन करवाया। एमएमए इवेंट में विभिन्न भार वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया। मार्शल आर्ट की फ्री फाइट प्रतियोगिता में कस्बे की पूजा तोमर ने अपने भार वर्ग के खिलाड़ियों को पछाड़कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। पूजा तोमर की इस जीत पर कस्बा वासियों में खुशी की लहर है। परिजनों ने आपस में मिठाई बांटकर तथा बेटी को मिठाई खिलाकर खुशियां मनाई। अपने परिजनों के साथ दिल्ली अपने आवास पर मौजूद पूजा तोमार ने अमर उजाला के साथ हुई वार्ता में एमएमए इवेंट में पहला स्थान प्राप्त करने की जानकारी दी।