बजरंग एलम प्राइवेट लिमिटेड में बाॅयलर फटने से हो गई थी तीन मजदूरों की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। भोपा मार्ग स्थित बजरंग एलम प्राइवेट लिमिटेड केमिकल फैक्टरी में बॉयलर फटने के मामले में अब दमकल विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नोटिस भेजा है।
27 जुलाई की सुबह इस फैक्टरी में बॉयलर फटने से हुए हादसे में कसौली गांव निवासी अली नवाज (42) पुत्र सैदा हसन और संभल जिले के चंदौसी निवासी रामभोरन (55) की मौत हो गई थी। इसके अलावा झुलसे जयपाल (60) पुत्र प्रभु की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस फैक्टरी के संचालकों ने दमकल विभाग से एनओसी नहीं ली हुई थी। फैक्टरी में आग बुझाने वाले उपकरण भी नहीं थे।
मुख्य दमकल अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि फैक्टरी संचालकों को नोटिस भेजा है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी अंकित कुमार का कहना हैं कि फैक्टरी ने एनओसी तो ली थी, लेकिन हादसे की गंभीरता को देखते हुए फैक्टरी संचालकों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है।