फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बूथों पर पहुंचीं पोलिंग पार्टियां, सुबह 7.30 बजे से जिले की 10 निकायों में होगा मतदान 

Sat, 25 Nov 2017 11:37 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
मतदानस्थलों के लिए रवाना होतीं पोलिंग पार्टियां। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
आखिर वह घड़ी आ गई, जिसके लिए करीब एक महीना से प्रत्याशी इंतजार कर रहे थे। आज जिले के 458119 मतदाताओं द्वारा दस अध्यक्ष पद और और 190 सदस्य के पदों का चुनाव मतदान से किया जाएगा। सुबह साढे़ सात बजे से मतदान शुरू होगा। चुनाव के लिए 156 मतदान केंद्रों पर 549 बूथ बनाए गए हैं।
विज्ञापन


शनिवार को सवेरे से ही पोलिंग पार्टियों को लेकर नवीन मंडी स्थल पर हलचल नजर आई। रविवार को जिले की दस निकायों में नई सरकार चुनने के लिए मतदाता सवेरे साढ़े सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान करेंगे। इसके लिए शनिवार को नवीन मंडी स्थल से 549 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया।

जनपद में दस निकायों के 190 वार्डों में चुनाव कराने के लिए 156 मतदान केंद्रों के अंतर्गत 549 बूथों पर वोट डाले जाएंगे। नवीन मंडी स्थल पर सवेरे से ही पोलिंग टीमों में लगाए गए सरकारी कर्मचारियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। यहीं से पुलिस और पोलिंग टीमों को एक साथ रवाना किया गया। 
विज्ञापन


पोलिंग पार्टियों की रवानगी की व्यवस्था देखने के लिए चुनाव आयोग द्वारा भेजे गए पर्यवेक्षक आईएएस देवाशीष पांडा ने नवीन मंडी का निरीक्षण किया। उन्होंने चुनाव ड्यूटी पर नहीं पहुंचने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश अफसरों को दिए।

पोलिंग पार्टियों को पर्याप्त सामग्री उपलब्ध कराने  पर जोर दिया। इस अवसर पर डीएम जीएस प्रियदर्शी, एसएसपी अनंत देव तिवारी, सीडीओ अंकित अग्रवाल, एडीएम वित्त सुनील कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट वैभव मिश्रा, पीडी डीआरडीए विक्रम सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सामग्री तैयार करने में आई मुश्किल
मुजफ्फरनगर। नवीन मंडी स्थल पर पोलिंग पार्टी में शामिल होने के लिए पहुंचे मतदान कार्मिकों को चुनाव सामग्री उपलब्ध कराने के बाद संबंधित रिटर्निंग ऑफिसरों ने यहीं से सामग्री को तैयार करने के निर्देश दिए। मतदान कार्मिक वहीं पर निकाय अध्यक्ष और सदस्य पदों के निर्वाचन के लिए मिले बैलेट पेपर को तैयार करने में जुट गए। सर्दी के बावजूद भी सामग्री की तैयारी ने मतदान कार्मिकों को पसीना पसीना कर दिया। यहीं पर लंच करने के बाद मतदान कार्मिकों ने रवानगी ली। 

चुनाव निशान के सामने होगा प्रत्याशी का नाम 
मुजफ्फरनगर। रविवार को जब मतदान करने के लिए मतदाता पोलिंग बूथों पर पहुंचेंगे तो उनको अध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए अलग अलग बैलेट उपलब्ध कराया जाएगा। सभी निकायों में सदस्य पद के लिए गुलाबी रंग का बैलेट होगा। वहीं नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए हरा और नगर पंचायत में सफेद रंग के बैलेट पर चुनाव निशान के सामने मुहर लगाई जाएगी।

शहर में चार प्रत्याशी मुकाबले में
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद के 50 वार्डों के लिए 431 प्रत्याशी मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के लिए यहां पांच प्रत्याशी हैं, इनमें से एक रालोद प्रत्याशी शबनम परवीन ने बसपा की मुदस्सिर को समर्थन कर दिया है। इस प्रकार बैलेट पर तो पांच ही प्रत्याशी रहेंगे, लेकिन मुकाबला चार में ही होगा। चारों प्रत्याशी बड़े दलों के हैं। इनमें बीजेपी की सुधाराज शर्मा, कांग्रेस की अंजू अग्रवाल, सपा की मिथलेश पाल और बसपा की मुदस्सिर रहमान शामिल हैं। 

इसी के साथ ही खतौली पालिका में अध्यक्ष पद के सर्वाधिक 22 प्रत्याशी हैं। 25 वार्ड में सदस्य पद के लिए 160 उम्मीदवार मैदान में हैं। नगर पंचायत पुरकाजी में अध्यक्ष पद के नौ, 15 वार्डों में सदस्य पद के 67 प्रत्याशी, नगर पंचायत चरथावल के अध्यक्ष पद के लिए सात और 14 वार्डों में सदस्य पद के 64 प्रत्याशी, नगर पंचायत जानसठ में अध्यक्ष पद के 13 और 14 वार्डों में सदस्य पद के लिए 86 प्रत्याशी,

नगर पंचायत मीरापुर में अध्यक्ष पद के 14 और 16 वार्डों में सदस्य पद के 89 प्रत्याशी, नगर पंचायत भोकरहेड़ी में अध्यक्ष पद के 11 और 13 वार्डों में सदस्य पद के 45 प्रत्याशी, नगर पंचायत बुढ़ाना में अध्यक्ष पद के 13 और 17 वार्डों में सदस्य पद के 82 प्रत्याशी, नगर पंचायत शाहपुर में अध्यक्ष पद के 12 और 13 वार्डों में सदस्य पद के 66 प्रत्याशी तथा नगर पंचायत सिसौली में अध्यक्ष पद के छह और 13 वार्डों में सदस्य पद के लिए 64 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें