03 सेक्टरों में बांटा गया शुक्रताल में गंगा घाट मेला क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से
40 सीसीटीवी लगाएं, 23 बैरियरों पर होंगी चेकिंग, 23 वाच टावर बनाए
500 से अधिक पुलिसकर्मी-पीएसी बल के जवानों को तैनात किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शुक्रताल गंगा घाट शनिवार से शुरू होने वाले कार्तिक गंगा स्नान मेले को तीन सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। 500 से अधिक पुलिसकर्मी और पीएसी बल के जवानों को तैनात किया गया हैं। 40 सीसीटीवी लगाए गए हैं। 23 वाच टावर बनाए है। 23 बैरियरों पर चेकिंग की जाएगी। एडीजी राजीव सभरवाल ने शुक्रताल पहुंच कर गंगा मेले में व्यवस्थाएं परखीं।
शुक्रताल गंगा घाट पर पांच नवंबर से नौ नवंबर तक गंगा स्नान मेला चलेगा। मुख्य स्नान आठ नवंबर को होगा। मेले में कई लाख श्रद्घालु गंगा स्नान करने के लिए पहुंचेंगे। उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस पर बड़ी जिम्मेदारी हैं। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। बृहस्पतिवार को एडीजी राजीव सभरवाल ने शुक्रताल पहुंच कर इन्हीं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। एसएसपी विनीत जायसवाल, एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव, सीओ रामाशीष यादव, भोपा थाना प्रभारी सुशील सैनी, मेला कोतवाली प्रभारी सचिन शर्मा आदि अधिकारियों के साथ गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। मेला आयोजन के दौरान गंगा घाट पर श्रद्धालुओं के बीच भैंसा दौड़ाने को लेकर संत महात्माओं और नगर वासियों की शिकायत मिलने पर तुरंत बैरिकेडिंग करा रोकथाम के आदेश दिए। गंगा स्नान करते वक्त कोई हादसा ना हो, इसके लिए गंगा घाट पर चार गोताखोरों की टीम लगाई गई । सीओ भोपा को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
यह पुलिस बल रहेगा तैनात
निरीक्षक 15
दारोगा 45
दीवान 35
सिपाही 160
महिला सिपाही 75
क्यूआरटी 2 टीम
यातायात सिपाही 15
होमगार्ड 115
पीएसी 2 कंपनी
दमकल विभाग 3 टीम
गोताखोर 4 टीम
सीसीटीवी 40
सेक्टर प्रभारी (निरीक्षक) 3
यहां रहेंगे बैरियर
मोरना, हरीदास आश्रम, फिरोजपुर तिराहा, दुर्गाधाम, मीना बाजार, सच्चाधाम, कारगिल स्मारक, गंगाघाट सहित कुल 23 बैरियर बनाए गए है। पूरे मेला क्षेत्र में दिन रात दो शिफ्टों में पुलिस तैनात रहेगी। बैरियर पर चेकिंग की जाएंगी।
घाटों पर लगी बल्लियां, बनेगा अस्थायी बस अड्डा
मोरना। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, डीएम चंद्र भूषण सिंह और एसएसपी विनीत जायसवाल ने कार्तिक गंगा स्नान मेले की तैयारियों को लेकर निरीक्षण किया। डीएम ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि जो मार्ग बहुत ही खराब स्थिति में है, वहां गड्ढा मुक्त कराना सुनिश्चित करें। घाटों पर बल्लियों की मजबूत बैरिकेडिंग की जाए। मेला स्थल पर अधिक से अधिक सफाई कर्मचारी घाट पर तैनात किए जाने चाहिए। शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था हो। खंभों पर स्ट्रीट लाइट की पर्याप्त व्यवस्था रहे। परिवहन विभाग को लेकर क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि मेला स्थल पर श्रद्धालुओं को लाने ले जाने के लिए बसों की पर्याप्त व्यवस्था रहनी चाहिए। मेला स्थल के आसपास एक अस्थायी बस स्टैंड भी बनाया जाएं, जिससे वहां श्रद्धालु बसों के द्वारा आ जा सकें। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, एसडीएम जानसठ अभिषेक कुमार, अपर मुख्य अधिकारी जितेंद्र तोमर भी मौजूद रहे।
पशु चिकित्सा की होनी चाहिए व्यवस्था
डीएम ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि मेले में श्रद्धालु भैंसा-बुग्गी लाते है। पशुओ की चिकित्सा के लिए एक डिस्पेंसरी की व्यवस्था की जाएं, लंपी रोग के दृष्टिगत मेला स्थल पर संबंधित पशुओं का प्रवेश ना हो। लंबी बीमारी की दवाइयां पर्याप्त मात्रा में रहना चाहिए।
ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश
डीएम चंद्रभूषण सिंह ने अपर मुख्य अधिकारी जितेंद्र तोमर, गंगा सेवा समिति सचिव महकार सिंह, विनोद शर्मा चेयरमैन, देवेंद्र शर्मा मैनेजर, राजपाल प्रधान, सुरेंद्र सिंह, महेश आदि से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। शुकदेव सेतु पुल पर रेलिंग ने लगाए जाने की शिकायत पर पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी डीके शर्मा को कड़ी फटकार लगाई। पुल पर साढे़ चार फुट की रेलिंग तुरंत तैयार कराने को कहा। साथ ही एमडीए के ठेकेदार देवेंद्र सिंह को ब्लैक लिस्ट करने के आदेश दिए। नाव में बैठक बाण गंगा और सोनाली नदी के संगम स्थल को देखा।
गंगा तक नहीं जाना चाहिए आश्रमों का पानी
मुजफ्फरनगर। क्रांति सेना के मंडल अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि शुक्रताल की गंगा को कुछ आश्रम अपवित्र करने का काम कर रहे है। आश्रमों से निकलने वाला गंदा पानी गंगा में छोड़ा जा रहा है, ऐसे में गंगा की पवित्रता नष्ट हो रही है। क्रांति सेना की मांग है कि इस तरह के आश्रमों पर रोक लगाई जाएं और गंगा की सफाई कराई जाएं। जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रार्थना पत्र दिया गया। इस मौके पर आनंद प्रकाश गोयल, शरद कपूर आदि मौजूद रहे। संवाद