छपार थाने पर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
किशोरी की बरामदगी को लेकर थाने का घेराव
छपार। अपहृत नाबालिग लड़की की बरामदगी के लिए ग्रामीणों और महिलाओं ने थाने का घेराव किया।
गांव निवासी 17 वर्षीय पुत्री का तीन युवकों ने चार दिन पूर्व रात्रि में घर में घुसकर तमंचे के बल पर युवती की मां को बंधक बनाकर अपहरण कर लिया। युवती के पिता ने गांव के ही धर्मबीर, राहुल व जनपद हरिद्वार के थाना लक्सर के गांव रायसी निवासी आशीष के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने एक आरोपी धर्मबीर को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया। थाने का घेराव करते समय किशोरी की मां ने बताया कि आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं, जिनसे उन्हें जान का खतरा है। उन्होंने बुधवार को किशोरी को लौटाने का वादा किया था, लेकिन नहीं दी। उसने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस आरोपियों से मिली हुई है। बसेड़ा चौकी इंचार्ज मुकेश गौतम का कहना है पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। एक आरोपी के पिता और एक के बहनोई को पूछताछ के लिए लाया गया है। जल्दी ही किशोरी को बरामद कर लिया जाएगा। आश्वासन के बाद ग्रामीण वापस चले गए।