संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। ऑपरेशन सवेरा अभियान के तहत शहर कोतवाली पुलिस ने एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1.60 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमार शर्मा ने बताया कि 18 अक्तूबर को कोतवाली नगर पुलिस न्याजूपुरा-चरथावल रोड पर काली नदी के पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक को पकड़कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लद्दावाला क्षेत्र की अमरूद वाली गली निवासी वसीम उर्फ लंगड़ा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले भी शहर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं।