उपेंद्र गोली कांड-
हत्या या हादसे में उलझी पुलिस
बड़ा सवाल, आखिर कहां गई सीसीटीवी की डीवीआर व पिस्टल ?
घटनास्थल से ऑफिस बंद कर क्यों फरार हुए उपेंद्र के दो दोस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। कांधला के पूर्व विधायक दिवंगत ठाकुर मूलचंद के बेटे उपेंद्र उर्फ चंदन की संदिग्ध हालात में गोली लगने से हुई मौत के मामले में देर रात तक पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पाई है। पुलिस हत्या व हादसे के बीच उलझी हुई है। हालांकि दो दोस्तों का फरार होना, घटनास्थल पर ऑफिस बंद मिलना और सीसीटीवी की डीवीआर व पिस्टल गायब मिलना जैसे सवाल पुलिस को मथ रहे हैं।
कांधला के पूर्व विधायक दिवंगत ठाकुर मूलचंद के बेटे उपेंद्र उर्फ चंदन की संदिग्ध हालात में हुई मौत कई ऐसे सवाल छोड़ गई है, जिनके जवाब तलाशने में पुलिस को पसीने छूट रहे हैं। देर रात तक भी पुलिस जांच में यह साफ नहीं हो सका है कि आखिर उपेंद्र को गोली लगी कैसे। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो वहां उपेंद्र के दोस्त का ऑफिस बंद मिला। किसी तरह पुलिस ने ऑफिस खुलवाया तो उसमें सीसीटीवी लगे मिले, लेकिन उनकी डीवीआर नदारद थी। और तो और, जिस पिस्टल से उपेंद्र को गोली लगना बताया जा रहा है, वह पिस्टल भी घटनास्थल से बरामद नहीं हुई। ऐसे में सबसे बड़े सवाल तो यही हैं कि आखिर उपेंद्र उर्फ चंदन को गोली लगने पर जिला अस्पताल ले जाने वाले उसके दो दोस्त उपेंद्र को मृत घोषित होने के बाद वहां से फरार क्यों हुए ? उपेंद्र की मौत के बाद आखिर घटनास्थल रहा ऑफिस कब और कैसे और किसने बंद किया ? ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर क्यों और किसने निकाली ? एसएसपी अभिषेक यादव का कहना है कि कई बिंदु ऐसे हैं, जिनकी गहन जांच जरूरी है। सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है, जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
उपेंद्र की मौत से कोहराम मचा
मुजफ्फरनगर। पूर्व विधायक ठाकुर मूलचंद मूल रूप से बुढ़ाना थाना क्षेत्र के गांव सैनपुर बिराल के रहने वाले थे। लंबे अरसे से वे शहर के मोहल्ला रामपुरम में रह रहे थे। पूर्व विधायक के परिवार में पहली पत्नी से तीन बेटे, सबसे बड़े मानवेंद्र सिंह, उनसे छोटे सूरज सिंह और सबसे छोटे बेटे उपेंद्र उर्फ चंदन थे। पहली पत्नी की मौत के बाद पूर्व विधायक ने दूसरी शादी की थी, जिससे उन्हें एक बेटा व एक बेटी हैं। ठाकुर मूलचंद ने अपने पैतृक गांव में इंटर कॉलेज खोला हुआ है। कॉलेज के साथ ही पैतृक जमीन की देखभाल पूर्व विधायक के सबसे बड़े बेटे मानवेंद्र सिंह गांव में ही रहकर करते हैं। वहीं, उनकी दूसरी पत्नी, तीनों बेटे व इकलौती बेटी शहर के मोहल्ला रामपुरम स्थित आवास में रहते हैं। उपेंद्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
मुजफ्फरनगर जिला चिकित्सालय में घटना क्रम की जानकारी करती पुलिस।- फोटो : MUZAFFARNAGAR