मेरठ-करनाल हाईवे पर ट्रक की टक्कर से हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। पत्नी के साथ ई-रिक्शा से ससुराल जा रहा ग्रामीण मेरठ-करनाल हाईवे पर ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गया। ससुराल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार और ससुराल में कोहराम मचा है।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव पलड़ी का रहने वाला मीदा (30) अपनी पत्नी के साथ बुढ़ाना से ई-रिक्शा में बैठकर ससुराल गांव लोई जा रहा था। मीदा ने अपनी गर्दन ई-रिक्शा से सड़क की ओर बाहर निकाल रखी थी। मेरठ-करनाल हाईवे पर सराय गांव के पास ट्रक से उसकी गर्दन टकरा गई। हादसे में सिर में चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ससुराल वाले उसे अपने गांव लोई ले आए। ससुराल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
उधर, ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया। फुगाना थाना प्रभारी निरीक्षक जोगेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। मीदा के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।