मुजफ्फरनगर। दिवंगत भाकियू अध्यक्ष चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 11वीं पुण्यतिथि 15 मई को सिसौली में किसान भवन पर मनाई जाएगी। आसपास के जिलों के किसान भी शामिल होंगे। जल, जंगल और जमीन बचाने का संकल्प लिया जाएगा।
भाकियू नेता गौरव टिकैत ने बताया कि उनके दादा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन भी होगा। दूर-दराज से आने वाले किसान स्वैच्छिक रक्तदान करेंगे। जिला चिकित्सालय की टीम मौजूद रहेगी। कार्यक्रम में दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब और राजस्थान के किसान शामिल होंगे।
विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। प्रकृति को बचाने का संदेश दिया जाएगा। भाकियू की 17 मई को होने वाली मासिक पंचायत स्थगित कर दी गई है। किसानों को 15 मई को ही सिसौली आने के लिए कहा गया है। भाकियू को मजबूत करने और संगठन में अनुशासन के मुद्दे पर भी कार्यकारिणी विचार-विमर्श करेगी। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत और भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत मौजूद रहेंगे।